
जशपुर। थाना दुलदुला क्षेत्र के ग्राम कस्तूरा में आयोजित श्री जगन्नाथ रथ मेला के दौरान महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब 17-18 ग्राम वजनी सोने की चेन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है, बरामद कर जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, घटना 16 जुलाई 2026 की है। जशपुर निवासी प्रार्थिया सरमा देवी अपने परिवार के साथ ग्राम कस्तूरा में आयोजित रथ मेला देखने गई थीं। इसी दौरान मेले में अत्यधिक भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से करीब 17 ग्राम वजनी सोने की चेन चोरी कर ली।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना दुलदुला में अपराध क्रमांक 46/26 दर्ज कर बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।
ड्रोन कैमरे के फुटेज से मिला अहम सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम लगातार आरोपियों की पतासाजी में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के समय रथ मेला परिसर में ड्रोन कैमरे से वीडियो एवं फोटो रिकॉर्ड किए जा रहे थे।
पुलिस टीम ने ड्रोन कैमरा संचालक से संपर्क कर घटना के दिन रिकॉर्ड किए गए वीडियो फुटेज प्राप्त किए। फुटेज का बारीकी से अवलोकन करने पर पुलिस ने प्रार्थिया के आसपास संदिग्ध रूप से खड़ी कुछ महिलाओं की पहचान करने का प्रयास शुरू किया।
इसके बाद संदिग्ध महिलाओं के फोटो विभिन्न माध्यमों से प्रसारित कर उनकी पहचान एवं पतासाजी की जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर दो संदिग्ध महिलाएं हिरासत में
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली कि फुटेज में प्रार्थिया के आसपास दिखाई दे रही संदिग्ध महिलाएं सोनिया बाई (30 वर्ष) एवं अनिता बाई (35 वर्ष) हैं, जो ग्राम पत्ताकेला, थाना बगीचा, जिला जशपुर की निवासी हैं।
पुलिस टीम ने दोनों महिलाओं की पतासाजी कर उन्हें हिरासत में लिया और पूछताछ की।
पूछताछ में चोरी की घटना स्वीकार करने का पुलिस का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों महिलाओं ने अपने एक अन्य महिला साथी के साथ मिलकर मेले की भीड़ का फायदा उठाते हुए प्रार्थिया के गले से सोने की चेन चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों के कब्जे से प्रार्थिया की चोरी गई करीब 17-18 ग्राम वजनी सोने की चेन, अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये, बरामद कर विधिवत जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
वहीं, मामले में शामिल एक अन्य महिला आरोपी घटना के बाद से फरार बताई जा रही है। पुलिस उसकी लगातार पतासाजी कर रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार के दिशा-निर्देशन में की गई। पुलिस अनुविभागीय अधिकारी जशपुर निमितेष सिंह के मार्गदर्शन में थाना दुलदुला पुलिस ने मामले की विवेचना आगे बढ़ाई।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में उप निरीक्षक सुनील सिंह, थाना प्रभारी दुलदुला, सहायक उप निरीक्षक सामुदान टोप्पो, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शेखर सिंह राजपूत, महिला प्रधान आरक्षक चम्पा पैकरा, आरक्षक सपना इंदवार, आरक्षक आनंद खलखो सहित थाना दुलदुला के अन्य पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
IBNUL KHAN
EDITOR-IN-CHIEF
JASHPUR TIMES







