311 किलो गांजा तस्करी मामले में फरार आरोपी मध्यप्रदेश से गिरफ्तार
टीकमगढ़ से दबोचा गया आरोपी, झारसुगड़ा से इनोवा की मूल चाबी बरामद, अंतर्राज्यीय नेटवर्क की जांच जारी

जशपुर। जशपुर पुलिस ने 311.35 किलोग्राम गांजा तस्करी के बहुचर्चित मामले में फरार आरोपी को मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी रूप सिंह यादव (35 वर्ष) को डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को थाना कुनकुरी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जयस्तंभ चौक में नाकाबंदी की थी। इस दौरान ओडिशा से आ रही इनोवा वाहन (OD17J-0205) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पीछा करने पर आरोपी बोडोकछार–पुटपुटीपानी जंगल में वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला था।
वाहन की तलाशी में पुलिस ने 295 पैकेटों में 311.35 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया था। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल और मुखबिर की सूचना के आधार पर फरार आरोपी की पहचान रूप सिंह यादव, निवासी गांधी चौक, झारसुगड़ा (ओडिशा) के रूप में हुई। बाद में उसके मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ में छिपे होने की सूचना मिलने पर जशपुर पुलिस ने वहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर झारसुगड़ा स्थित उसके निवास से घटना में प्रयुक्त इनोवा वाहन की मूल चाबी भी बरामद कर जब्त की है। पूछताछ में आरोपी ने गांजा तस्करी से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य बताए हैं। पुलिस ने इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक राकेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर प्रसाद वारले, प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव, आरक्षक चंद्रशेखर बंजारे एवं नंदलाल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
IBNUL KHAN
EDITOR-IN-CHIEF
JASHPUR TIMES







