जशपुर: वासुदेव बस में 48 लीटर नशीली कफ सिरप जब्त, ड्राइवर-कंडक्टर समेत 3 गिरफ्तार
तपकरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गया (बिहार) से रायगढ़ ले जाई जा रही थी प्रतिबंधित सिरप, NDPS एक्ट में केस दर्ज

जशपुर, 12 अप्रैल 2026।
जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप की तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने जशपुर से रायगढ़ जा रही वासुदेव बस से भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप जब्त करते हुए बस के ड्राइवर, कंडक्टर और खलासी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।पुलिस को 10 अप्रैल की रात करीब 11 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि जशपुर से तपकरा होते हुए रायगढ़ जाने वाली बस क्रमांक CG-13-Q-1800 में भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप छुपाकर ले जाई जा रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने थाना के सामने मेन रोड पर नाकाबंदी की।
करीब 11:45 बजे बस को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बस की डिक्की से दो झोलों में रखे चार कार्टून में 100-100 मिलीलीटर की कुल 480 बोतल (48 लीटर) प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई। यह कफ सिरप कोडीन फॉस्फेट एवं ट्राइपोलिडिन हाइड्रोक्लोराइड (Onrex) युक्त पाई गई, जिसकी बाजार कीमत लगभग ₹96,720 बताई जा रही है।
पूछताछ के दौरान शुरुआत में आरोपियों ने अनभिज्ञता जताई, लेकिन पुलिस की सख्ती के बाद उन्होंने स्वीकार किया कि उक्त नशीली कफ सिरप को बिहार के गया से लाकर रायगढ़ में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(C) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त बस को भी जब्त कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- बसंत पटेल (33 वर्ष) – कंडक्टर, जिला रायगढ़
- सतीश कुमार चौहान (45 वर्ष) – खलासी, जिला जांजगीर-चांपा
- भोला राम (46 वर्ष) – ड्राइवर, जिला जशपुर
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और इस तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना तपकरा के सहायक उप निरीक्षक रामजी साय पैंकरा सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की अहम भूमिका रही।
Ibnul khan
Editor-in-chief
Jashpur times








