Uncategorized

गैस सिलेंडर को लेकर अफवाहों से पैनिक, प्रशासन ने की डिस्ट्रीब्यूटरों की बैठक

डिस्ट्रीब्यूटर और जिला प्रशासन की बैठक, जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी नजर

घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर इन दिनों लोगों में पैनिक की स्थिति बनती दिखाई दे रही है। इसके पीछे कई वजहें सामने आ रही हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान-इजरायल-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण पेट्रोलियम उत्पादों के आयात को लेकर चिंता बढ़ी है, वहीं हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि और बुकिंग सर्वर के ठीक से काम नहीं करने की समस्या भी सामने आई है।

इसके साथ ही कुछ स्थानों पर कमर्शियल गैस सप्लाई प्रभावित होने की खबरों के कारण लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने डिस्ट्रीब्यूटरों के साथ जिला कलेक्टर कार्यालय में बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

प्रशासन ने साफ किया है कि गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए आम लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। साथ ही यह भी कहा गया है कि किसी भी प्रकार की जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

इधर गैस एजेंसियों के संचालकों ने भी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अनावश्यक घबराहट में सिलेंडर की अतिरिक्त बुकिंग न करें। कांसाबेल स्थित काश इंडेन गैस के संचालक खालिद सिद्दीकी  ने एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि उपभोक्ता ऑनलाइन, मोबाइल ऐप या गैस एजेंसी के अधिकृत नंबर के माध्यम से आसानी से सिलेंडर बुक कर सकते हैं और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर गैस प्राप्त कर सकते हैं।

जिला प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

ibnul khan 

editor-in-chief

Jashpur Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!