क्राइमछत्तीसगढ़जशपुरटॉप न्यूज़लोकल न्यूज़

जशपुर में गौवंश तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 38 गौवंश बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार

ऑपरेशन शंखनाद के तहत लोदाम, सिटी कोतवाली और दुलदुला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; पुलिस से बचकर भागने के दौरान एक व्यक्ति घायल हुआ, अस्पताल में उपचार के दौरान मौत, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

जशपुर। जशपुर जिले में गौवंश तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह चक्का ट्रक से 38 गौवंश बरामद किए हैं। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रक क्रमांक JH-02-L-0355 जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस से बचकर भागने के दौरान ट्रक से कूदकर गंभीर रूप से घायल हुए एक व्यक्ति की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृत्यु के संबंध में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

मुखबिर की सूचना पर तीन थानों की पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम जशपुर को सूचना मिली कि झारखंड पासिंग के छह चक्का ट्रक में गौवंश को क्रूरतापूर्वक भरकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। ट्रक चरईडांड़ से लोरो घाट होते हुए जशपुर की ओर आ रहा था।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन और एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह के पर्यवेक्षण में कार्रवाई शुरू की गई।

थाना लोदाम और थाना दुलदुला की टीम ने ग्राम खटंगा के पास नाकाबंदी कर ट्रक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी और बिना रुके आगे निकल गया। इसके बाद सिटी कोतवाली जशपुर की टीम को भी सूचना दी गई। तीनों थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने ग्राम काईकछार के पास घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया।

ट्रक से कूदने के दौरान व्यक्ति गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में मौत

पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी देखकर ट्रक में सवार लोग वाहन रोककर जंगल की ओर भागने लगे। इस दौरान पुलिस टीम ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि अन्य लोग फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, गौतम कुमार भगत उर्फ चरकू नामक व्यक्ति ट्रक से कूदने के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस टीम उसे तत्काल जिला अस्पताल जशपुर लेकर पहुंची, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृत्यु की परिस्थितियों और घटनाक्रम में शामिल व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

मोजामिल अंसारी गिरफ्तार, तस्करी नेटवर्क की जांच

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोजामिल अंसारी (29 वर्ष), निवासी ग्राम उगारा सड़क टोली, थाना सेन्हा, जिला लोहरदगा, झारखंड के रूप में बताई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने गौवंश को ट्रक में लोड करने और झारखंड के सिसई की ओर ले जाने से संबंधित जानकारी दी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि ट्रक के आगे एक कार चल रही थी, जिसके जरिए रास्ते में पुलिस की गतिविधियों की जानकारी दिए जाने की आशंका है।

पुलिस अब फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ-साथ गौवंश के स्वामित्व, वाहन के मालिकाना हक, कथित तस्करी के उद्देश्य और आर्थिक लेन-देन की जांच कर रही है।

ट्रक से 38 गौवंश बरामद, पशुओं को क्रूरतापूर्वक भरने का आरोप

संयुक्त पुलिस टीम ने ट्रक की तलाशी के दौरान कुल 38 गौवंश (गाय-बैल) बरामद किए। पुलिस के अनुसार, पशुओं को ट्रक में रस्सियों से बांधकर ठूंस-ठूंसकर भरा गया था और उनके लिए दाना-पानी की व्यवस्था नहीं थी। तस्करी में प्रयुक्त छह चक्का ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है।

मामले में थाना सिटी कोतवाली जशपुर में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क) एवं 11(1)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार कार्रवाई की जा रही है। मृतक की मृत्यु के संबंध में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई है। घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद आवश्यकतानुसार पृथक अपराध भी दर्ज किया जाएगा।

पुलिस ने कहा है कि गौवंश तस्करी में शामिल लोगों, वाहन के स्वामित्व और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जाएगी तथा साक्ष्यों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

IBNUL KHAN

EDITOR-IN-CHIEF

JASHPUR TIMES

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!