छत्तीसगढ़जशपुरटॉप न्यूज़धर्मलोकल न्यूज़

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा बगिया, ईब-मैनी संगम से फलेश्वर नाथ मंदिर तक निकली भव्य कांवड़ यात्रा

सावन के अंतिम सोमवार पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय ने उठाई कांवड़ और किया भगवान फलेश्वर नाथ का जलाभिषेक

बगिया। सावन मास के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर बगिया क्षेत्र पूरी तरह शिवभक्ति में डूबा नजर आया। ईब-मैनी नदी के संगम तट से श्री फलेश्वर नाथ महादेव मंदिर तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ हिस्सा लिया।

कांवड़ यात्रा का शुभारंभ ईब-मैनी नदी के संगम तट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने नदी से पवित्र जल भरकर कांवड़ उठाई और ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष के बीच पैदल फलेश्वर नाथ महादेव मंदिर के लिए रवाना हुए।

कौशल्या साय ने भी उठाई कांवड़

कांवड़ यात्रा में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय भी शामिल हुईं। उन्होंने ईब-मैनी संगम तट से पवित्र जल लेकर कांवड़ यात्रा में सहभागिता की। उनके साथ बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु भी कांवड़ लेकर मंदिर पहुंचे।

यात्रा के दौरान पूरा मार्ग शिवभक्ति के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

फलेश्वर नाथ महादेव का किया जलाभिषेक

कांवड़ यात्रा के मंदिर पहुंचने के बाद श्रीमती कौशल्या साय ने कांवड़ में लाए गए पवित्र जल से भगवान फलेश्वर नाथ महादेव का जलाभिषेक किया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

मंदिर परिसर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तों से गुलजार रहा।

भव्य भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

कांवड़ यात्रा के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में सेवा और सहयोग की भावना से लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

सावन के अंतिम सोमवार पर आयोजित इस कांवड़ यात्रा ने धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सेवा भावना का संदेश दिया। श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी से पूरा बगिया क्षेत्र दिनभर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से शिवमय बना रहा।

IBNUL KHAN

EDITOR-IN-CHIEF

JASHPUR TIMES

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!