
जशपुरनगर। जशपुर जिले के विकास इतिहास में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया है। भारत सरकार के रेल मंत्रालय ने धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना को विशेष रेल परियोजना के रूप में अधिसूचित कर दिया है। लगभग 291.88 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन के निर्माण का रास्ता साफ होने के साथ ही जशपुर जिला पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ने जा रहा है।
यह बहुप्रतीक्षित रेल परियोजना रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ से शुरू होकर जशपुर जिले के पत्थलगांव होते हुए झारखंड के लोहरदगा तक पहुंचेगी। परियोजना के मूर्त रूप लेने से जशपुर जिले को देश के रेल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी और क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक एवं औद्योगिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों का मिला परिणाम
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विशेष प्रयासों और केंद्र सरकार के सहयोग का परिणाम माना जा रहा है। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा रेल सुविधा की मांग की जा रही थी, जिसे अब केंद्र सरकार की अधिसूचना के बाद वास्तविक रूप मिलने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
रेल मंत्रालय द्वारा जारी राजपत्र अधिसूचना के अनुसार, रेल अधिनियम 1989 के तहत सार्वजनिक हित एवं राष्ट्रीय अवसंरचना विकास को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना को अधिसूचित किया गया है।
सुदूर वनांचल क्षेत्र को मिलेगा विकास का नया आधार
अब तक जशपुर जिला पूरी तरह सड़क परिवहन पर निर्भर रहा है। रेल संपर्क के अभाव में विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और रोजगार की तलाश में बाहर जाने वाले युवाओं को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नई रेल लाइन बनने से जिले की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को सुरक्षित, सुलभ एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
किसानों और व्यापारियों को होगा सीधा फायदा
जशपुर जिला जैविक खेती, जीराफूल धान, मक्का, दलहन, सब्जियों और बागवानी उत्पादों के लिए जाना जाता है। रेल संपर्क स्थापित होने से स्थानीय कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। इससे किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी। साथ ही व्यापार एवं उद्योग क्षेत्र को भी नई गति मिलेगी।
पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
रेल परियोजना के शुरू होने से जशपुर के जलप्रपात, धार्मिक स्थल और प्राकृतिक पर्यटन केंद्रों तक पहुंच आसान होगी। इससे पर्यटन गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। परियोजना के निर्माण और संचालन के दौरान भी प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच
रेल सुविधा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा संस्थानों तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। वहीं गंभीर मरीजों को बड़े शहरों के अस्पतालों तक कम समय में पहुंचाया जा सकेगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और पहुंच दोनों बेहतर होंगी।
क्षेत्र में खुशी का माहौल
परियोजना की अधिसूचना जारी होने के बाद जशपुर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह रेल लाइन केवल एक परिवहन परियोजना नहीं बल्कि जिले के समग्र विकास की मजबूत नींव साबित होगी। वर्षों से रेल सुविधा का इंतजार कर रहे लोगों के लिए यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
Ibnul khan
Editor-in-chief
Jashpur times








