प्रेम प्रसंग में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, नाबालिग समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
पत्थलगांव के जाम जूनवानी में वारदात, प्रेम संबंध को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद

जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जाम जूनवानी खारापारा में एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक सुशील खलखो (34 वर्ष) निवासी जाम जूनवानी की हत्या 27 मई की रात की गई थी। सूचना मिलने पर पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। मामले में सरपंच की पत्नी जानकी लकड़ा की रिपोर्ट पर हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक सुशील खलखो और आरोपी जयलाल एक्का की पत्नी के बीच पिछले तीन-चार वर्षों से प्रेम संबंध था। इसी मामले को लेकर पूर्व में विवाद भी हुआ था और मृतक जेल भी गया था। करीब डेढ़ माह पहले जमानत पर रिहा होने के बाद वह आरोपी की पत्नी के साथ रह रहा था।
ग्रामीणों से पूछताछ में यह भी सामने आया कि सामाजिक बैठक के बाद आरोपी की पत्नी ने मृतक के साथ रहने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद वह सुशील खलखो के साथ रहने लगी थी। इसी बात को लेकर आरोपी पक्ष में नाराजगी थी।
पत्थर से सिर कुचलकर की हत्या
घटना की रात करीब 11 बजे गांव में हल्ला-गुल्ला सुनाई देने पर लोगों ने देखा कि आरोपी जयलाल एक्का, जयमन एक्का और एक नाबालिग किशोर मृतक के साथ मारपीट कर रहे थे। आरोपियों ने पहले मृतक को जमीन पर पटका और फिर उसके सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जयलाल एक्का (34 वर्ष), जयमन एक्का (36 वर्ष) तथा एक 17 वर्षीय किशोर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि हत्या के इस मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है, जबकि अन्य आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया |
Ibnul khan
Editor-in-chief
Jashpur times








