Uncategorized

जशपुर में “पुलिस मितान” योजना की शुरुआत, 2500 स्वयंसेवक बनेंगे पुलिस और जनता के बीच सेतु

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने किया शुभारंभ, सड़क सुरक्षा से लेकर सामाजिक जागरूकता तक निभाएंगे भूमिका

जशपुर। सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने और आमजन की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में जशपुर पुलिस ने एक नई पहल की शुरुआत की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिले की बहुउद्देशीय योजना “पुलिस मितान” का शुभारंभ किया।

इस पहल के तहत जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों से जुड़े करीब 2500 स्वयंसेवकों को पुलिस मितान के रूप में जोड़ा गया। चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सभी चयनित स्वयंसेवकों को पहचान पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, पत्रकार, गणमान्य नागरिक एवं पुलिस मितान उपस्थित रहे।

 सड़क सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता में निभाएंगे अहम भूमिका

जशपुर पुलिस की यह योजना केवल पुलिस सहायता तक सीमित नहीं होगी, बल्कि सामाजिक बदलाव और जनजागरूकता का भी माध्यम बनेगी। पुलिस मितानों को सड़क सुरक्षा, दुर्घटना के दौरान प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), यातायात नियम, जनसहयोग और सामाजिक दायित्वों से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद पुलिस मितान गांव-गांव जाकर आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। इसके साथ ही नशाखोरी, टोनही प्रताड़ना, मानव तस्करी, सामाजिक अपराध और अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण अभियान भी चलाएंगे।

 “सुरक्षित जशपुर, समृद्ध जशपुर” मिशन को मिलेगा बल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस मितान केवल एक योजना नहीं बल्कि समाज और पुलिस के बीच विश्वास और सहयोग का माध्यम है। उन्होंने कहा कि समाज की भागीदारी से ही अपराध नियंत्रण और सामाजिक सुधार के प्रयास अधिक प्रभावी बन सकते हैं।

उन्होंने उपस्थित स्वयंसेवकों से अपील करते हुए कहा कि वे समाजहित में कार्य करते हुए जनजागरूकता फैलाएं और जशपुर को सुरक्षित एवं जागरूक जिला बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

 योजना का उद्देश्य

  • सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना
  • नशा एवं सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता
  • जनभागीदारी आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा
  • सुरक्षित, सभ्य एवं समृद्ध समाज का निर्माण

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी चंद्रशेखर परमा, डीएसपी ट्रैफिक कुंजराम चौहान, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए पुलिस मितान और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

IBNUL KHAN

EDITOR-IN-CHIEF

JASHPUR TIMES

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!