जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले को एक बड़ी विकासात्मक सौगात मिली है। राज्य शासन ने कुनकुरी-तपकरा-लवाकेरा मार्ग पर श्री नदी में उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण कार्य के लिए 9 करोड़ 45 लाख 85 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।

यह मार्ग छत्तीसगढ़ के साथ-साथ झारखंड और ओडिशा राज्यों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग माना जाता है। पुल निर्माण होने से तीनों राज्यों के लोगों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।
वर्तमान में यहां बने संकरे पुल के कारण बरसात के दिनों में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। जलस्तर बढ़ने पर आवागमन बाधित हो जाता था और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। ग्रामीणों और राहगीरों के लिए यह मार्ग काफी जोखिम भरा माना जाता था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से इस पुल निर्माण की मांग की जा रही थी। प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उच्च स्तरीय पुल निर्माण से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और परिवहन सुविधाएं और अधिक मजबूत होंगी। हजारों ग्रामीणों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा। क्षेत्रवासियों का मानना है कि यह पुल जशपुर जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
Ibnul khan
Editor-in-chief
Jashpur times








