क्राइमछत्तीसगढ़जशपुरटॉप न्यूज़लोकल न्यूज़

जमीन विवाद में जानलेवा हमला, बाप-बेटों की तिकड़ी गिरफ्तार

बगीचा के अम्बाडीपा में लाठी-डंडे और लोहे के सब्बल से हमला, पुलिस ने तीनों आरोपियों को भेजा जेल

जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी पंडरा पाठ के ग्राम अम्बाडीपा में शासकीय काबिज जमीन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष पर लाठी, डंडे और लोहे के सब्बल से जानलेवा हमला किए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी जवाहर यादव (37 वर्ष) निवासी अम्बाडीपा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके परिवार द्वारा वर्षों से उपयोग में लाई जा रही जमीन को लेकर गांव के ही मदन यादव, ठाकुर दयाल यादव और सत्यपाल यादव (बाप-बेटे) विवाद करते रहे हैं।

घटना 20 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे की है, जब प्रार्थी पक्ष के परिवारजन खलिहान में कार्य कर रहे थे। उसी दौरान आरोपी पक्ष ने जमीन को अपना बताते हुए विवाद शुरू किया और लाठी, डंडे एवं लोहे के सब्बल से हमला कर दिया। इस हमले में बिहारी यादव, सुमित्रा यादव और जयंती यादव को सिर, माथे और पैरों में चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए शासकीय अस्पताल बगीचा में भर्ती कराया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चौकी पंडरा पाठ में बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2), 191(3) एवं 109 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी मदन यादव (61 वर्ष), ठाकुर दयाल यादव (36 वर्ष) और सत्यपाल यादव (32 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी, डंडे और लोहे के सब्बल भी जब्त कर लिए हैं।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी पंडरा पाठ उप निरीक्षक सतीश कुमार सोनवानी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मामले में एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Ibnul khan

Editor-in-chief

Jashpur times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!