ऑपरेशन शंखनाद के तहत बड़ी कार्रवाई, 12 गौवंश के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
मनोरा क्षेत्र से झारखंड ले जा रहा था गौवंश, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

जशपुर। जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। चौकी मनोरा क्षेत्रांतर्गत पुलिस ने 12 नग गौवंश को तस्करी से मुक्त कराते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 20 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ग्राम बड़ा टेम्पु के लेटे झरिया नाला के पास पगडंडी रास्ते से गौवंशों को मारते-पीटते हुए झारखंड की ओर ले जा रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई और ग्रामीणों की मदद से घेराबंदी की गई।

मौके पर पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को 12 गौवंशों के साथ तेजी से ले जाते हुए पाया। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दुर्योधन भगत (40 वर्ष) निवासी ग्राम टेम्पु, चौकी मनोरा जिला जशपुर बताया और गौवंशों को झारखंड ले जाना स्वीकार किया।
पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सभी 12 गौवंशों को सुरक्षित बरामद कर पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
मामले में आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी मनोरा दिनेश पुरैना, एएसआई शांति प्रमोद टोप्पो, प्रधान आरक्षक वितीन कुमार भगत, आरक्षक शैलेन्द्र तोमर एवं रवि पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और इस तरह के अपराध में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
Ibnul khan
Editor-in-chief
Jashpur times








