
जशपुर टाइम्स , 19 अप्रैल 2026। जिले के चौकी कोतबा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फरसाटोली में पारिवारिक विवाद के चलते एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां छोटे साले ने अपनी भाभी के साथ मिलकर अपनी ही बहन के पति की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मुरली राम यादव (40 वर्ष) का विवाह ग्राम फरसाटोली की सोनिया यादव के साथ हुआ था और उनका एक बेटा भी है। दिनांक 30 मार्च 2026 को मृतक के घर में उसके बेटे का जन्मदिन मनाया गया था। जन्मदिन के बाद उसकी पत्नी अपने बेटे के साथ मिठाई देने अपने मायके चली गई थी। देर रात करीब 11 बजे मृतक मुरली राम यादव शराब के नशे में अपनी पत्नी के मायके पहुंचा, जहां उसका अपने छोटे साले शिवकुमार यादव (35 वर्ष) और बड़े साले की पत्नी मिथिला यादव (37 वर्ष) के साथ विवाद हो गया।
बताया जाता है कि मृतक का विवाह प्रेम विवाह था, जिस कारण उसके और ससुराल पक्ष के बीच पूर्व से ही विवाद चलता आ रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी शिवकुमार यादव ने मृतक को जमीन पर पटककर लात-घूंसे से उसके सीने और पेट पर बेरहमी से हमला किया, वहीं मिथिला यादव ने डंडे से मारपीट की। बीच-बचाव के बाद मृतक वहां से अपने घर लौट गया, लेकिन अगले दिन उसकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजनों द्वारा उसे उपचार के लिए पहले सीएचसी कोतबा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे उड़ीसा के सुंदरगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान 4 अप्रैल 2026 को उसकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सीने में आई गंभीर चोट को मृत्यु का कारण बताया गया, जिसे हत्यात्मक पाया गया।
मामले में सुंदरगढ़ पुलिस द्वारा प्रारंभिक कार्रवाई के बाद प्रकरण को अग्रिम विवेचना के लिए चौकी कोतबा भेजा गया, जहां अपराध क्रमांक 38/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत मामला कायम किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को 18 अप्रैल 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त डंडा भी जप्त कर लिया गया है।
मामले की जांच एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा, चौकी प्रभारी कोतबा उप निरीक्षक बृजेश कुमार यादव, प्रधान आरक्षक संजय लकड़ा, आरक्षक दीपक टोप्पो एवं महिला आरक्षक शांति लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले की आगे की विवेचना जारी है।
ibnul khan
editor-in-chief, jashpur times








