ऑपरेशन आघात: तपकरा में 67 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, 40 लाख की खेप जब्त
लावाकेरा बैरियर पर नाकाबंदी में 67 किलो 135 ग्राम गांजा बरामद, 40 लाख की खेप जब्त

जशपुर / तपकरा। जशपुर पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 67 किलो 135 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त हुंडई वरना कार (DL-8C-AX-8014) एवं दो मोबाइल फोन भी जप्त किए हैं।
जप्त गांजा व वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है, जिसमें गांजे की कीमत लगभग 33 लाख 55 हजार रुपये तथा कार की कीमत 6 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
26 फरवरी 2026 को थाना तपकरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा से एक सिल्वर रंग की हुंडई वरना कार के माध्यम से भारी मात्रा में गांजा बिहार ले जाया जा रहा है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में लावाकेरा बैरियर पर नाकाबंदी की गई। संदिग्ध कार को रोककर तलाशी लेने पर डिक्की में स्टेपनी के स्थान पर छिपाकर रखे गए 65 पैकेट में कुल 67 किलो 135 ग्राम गांजा बरामद किया गयागिरफ्तार आरोपी का नाम सुमन कुमार हिमांशु (36 वर्ष) निवासी मंडईडीह, थाना पातेपुर, जिला वैशाली (बिहार) है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उड़ीसा से गांजा लेकर बिहार जा रहा था। पुलिस ने उसकी महिला सहयोगी की पहचान कर ली है, जिसकी तलाश जारी है।
आरोपी के विरुद्ध थाना तपकरा में 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक संदीप कुमार कौशिक सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों व जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं एसएसपी ने कहा कि जशपुर पुलिस की नशे के खिलाफ मुहिम लगातार जारी रहेगी और इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
ibnul khan
editor-in-chief
Jashpur Times – सच सब तक




