मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मयाली-बगीचा पर्यटन परियोजना का किया भूमिपूजन, ₹10 करोड़ से होगा विकास
स्वदेश दर्शन 2.0 योजना से मयाली को मिलेगा इको-टूरिज्म का नया स्वरूप, स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के अवसर

जशपुर।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज जशपुर प्रवास के दौरान भारत सरकार की स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत मयाली-बगीचा विकास परियोजना का विधिवत भूमिपूजन किया।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से क्षेत्र में होम-स्टे, पाथवे, कन्वेंशन हॉल, स्किल डेवलपमेंट सेंटर सहित विभिन्न आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा। परियोजना का उद्देश्य क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देना और स्थानीय संसाधनों के माध्यम से रोजगार के अवसर सृजित करना है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह परियोजना मयाली को इको-टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और जशपुर जिला धार्मिक एवं पर्यटन दृष्टि से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान बनाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय आजीविका, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
IBNUL KHAN
EDITOR-IN-CHIEF,JASHPUR TIMES










