ऑपरेशन आघात: जशपुर पुलिस ने 640 नग प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ नशे के कारोबारी मोहित गुप्ता को किया गिरफ्तार
उड़ीसा से नशीली कफ सिरप लाकर जशपुर में खपाने की थी तैयारी, कोतबा चौकी पुलिस ने लाखझार घाट के पास की बड़ी कार्रवाई

BRAKING NEWS-जशपुर
नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चौकी कोतबा क्षेत्र से 640 नग प्रतिबंधित विस्कोरेक्स कोडीन फास्फेट कफ सिरप के साथ एक नशे के कारोबारी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जब्त कफ सिरप की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 01 लाख 11 हजार रुपये बताई जा रही है

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोहित कुमार गुप्ता (35 वर्ष) निवासी ग्राम सुरंगपानी, चौकी कोतबा, थाना फरसाबहार, जिला जशपुर लंबे समय से नशीली कफ सिरप की अवैध खरीद-फरोख्त में संलिप्त था। जशपुर पुलिस की टेक्निकल टीम एवं मुखबिर तंत्र द्वारा उसकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।
इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी उड़ीसा राज्य से प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप लेकर मोटर साइकिल से अपने गांव लौट रहा है। सूचना के आधार पर चौकी कोतबा पुलिस ने लाखझार घाट के पास नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान आरोपी बिना नंबर की होंडा सिटी 110 मोटर साइकिल से आता हुआ दिखाई दिया, जिसे घेराबंदी कर मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर मोटर साइकिल में बंधे दो बोरियों से दो कार्टून में 320 नग नशीली कफ सिरप बरामद की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर जंगल में छुपाकर रखे गए दो अतिरिक्त कार्टून भी बरामद किए गए, जिनमें 320 नग और कफ सिरप पाई गई। इस प्रकार कुल 04 कार्टून में 640 नग (64,000 मिलीलीटर) प्रतिबंधित विस्कोरेक्स कोडीन फास्फेट कफ सिरप पुलिस ने जब्त की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल एवं मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी कफ सिरप के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और उसने स्वीकार किया कि वह इसे उड़ीसा से खरीदकर जशपुर में बिक्री के उद्देश्य से ला रहा था।
मामले में आरोपी के विरुद्ध नारकोटिक्स एक्ट की धारा 21(C) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तारी करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी कोतबा उप निरीक्षक बृजेश यादव, थाना प्रभारी फरसाबहार उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत, प्रधान आरक्षक मोहन बंजारे, आरक्षक अजय खेस, विनोद कुमार, मोहन भगत, अमित एक्का, नंद लाल यादव, आलोक टोप्पो, नीरज तिर्की, सुरेश एक्का, पुस्तम यादव एवं बूटा सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ssp जशपुर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। नशे के सौदागरों के खिलाफ ऑपरेशन आघात आगे भी लगातार जारी रहेगा।
————————
IBNUL KHAN
EDIROR-IN-CHIEF
Jashpur Times
सच सब तक




