अपेक्स बैंक जशपुर के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
फड़ प्रभारी गिरफ्तार, अन्य आरोपी फरार

तुमला (जशपुर), जशपुर टाइम्स
जशपुर जिले के तुमला थाना क्षेत्र अंतर्गत कोनपारा धान खरीदी उप केंद्र में खरीफ वर्ष 2024–25 के दौरान करोड़ों रुपये की धान खरीदी में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) जशपुर के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपये की आर्थिक क्षति के प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
20,586.88 क्विंटल धान की कमी, करोड़ों की धांधली
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि खरीदी केंद्र के रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2024–25 में 1,61,250 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी, जबकि मिल एवं संग्रहण केंद्रों को 1,40,663.12 क्विंटल धान ही परिदान किया गया। इस प्रकार 20,586.88 क्विंटल धान की कमी पाई गई। संयुक्त जांच दल द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन में भी मौके पर धान उपलब्ध नहीं पाया गया।
धान की कमी का मूल्यांकन ₹3100 प्रति क्विंटल के हिसाब से ₹6,38,19,328 तथा धान पैकिंग हेतु 4,898 नग बारदाने (कीमत ₹17,07,651) जोड़कर कुल ₹6,55,26,979 की शासन को आर्थिक क्षति का अंदेशा व्यक्त किया गया है।
छह आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज
पुलिस ने अपेक्स बैंक के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट पर निम्न आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4), 320, 336, 338 एवं 61 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है—
-
भुनेश्वर यादव (खरीदी केंद्र के प्राधिकृत अधिकारी)
-
जयप्रकाश साहू (समिति प्रबंधक)
-
शिशुपाल यादव (फड़ प्रभारी)
-
जितेंद्र साय (कंप्यूटर ऑपरेटर)
-
अविनाश अवस्थी (सहायक फड़ प्रभारी)
-
चंद्र कुमार यादव (उप सहायक फड़ प्रभारी)
फड़ प्रभारी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
विवेचना के दौरान पुलिस ने फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव (उम्र 39 वर्ष), निवासी ग्राम झारमुंडा, थाना तुमला, जिला जशपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले से जुड़े अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी पता-साजी जारी है और शीघ्र गिरफ्तारी की बात कही गई है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
मामले की जांच एवं गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, सहायक उप निरीक्षक टेकराम सारथी, प्रधान आरक्षक फ्रांसिस बेक, आरक्षक दुर्योधन यादव, अजीत लाल टोप्पो एवं महिला आरक्षक बीरजिनिया टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि अपेक्स बैंक जशपुर के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट पर धान खरीदी उप केंद्र कोनपारा में खरीफ 2024–25 के दौरान हुई अनियमितताओं के संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, शेष आरोपियों की तलाश जारी है और जांच निरंतर प्रगति पर है।
जशपुर टाइम्स जिले से जुड़ी हर बड़ी कार्रवाई और जनहित से जुड़े मामलों को निष्पक्ष, सटीक और विश्वसनीय रूप में पाठकों तक पहुँचाता रहेगा।
— जशपुर टाइम्स | सच सब तक

ibnul khan
aditor-in-chief
jashpur times





