छत्तीसगढ़जशपुरलोकल न्यूज़

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की त्वरित पहल से दोकड़ा छात्रावास में बहाल हुई बिजली, छात्रों को मिली राहत

खराब ट्रांसफार्मर बदलते ही शुरू हुई विद्युत आपूर्ति, पढ़ाई का अनुकूल माहौल हुआ बहाल

जशपुरनगर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के कैंप कार्यालय की त्वरित पहल से विकासखंड कांसाबेल के ग्राम दोकड़ा स्थित शासकीय बालक प्री एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में बिजली आपूर्ति पुनः बहाल हो गई है। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण छात्रावास में कई दिनों से बिजली बाधित थी, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो रही थीं।

छात्रावास अधीक्षक ने इस समस्या की जानकारी मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय को दी। शिकायत में बताया गया कि छात्रावास के समीप लगा ट्रांसफार्मर खराब होने से पूरा परिसर अंधेरे में डूबा हुआ है और छात्रों को पढ़ाई सहित अन्य आवश्यक कार्यों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने तत्काल पहल की। इसके बाद विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और खराब ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया। नया ट्रांसफार्मर लगने के साथ ही छात्रावास में बिजली आपूर्ति सुचारु रूप से शुरू हो गई।

बिजली बहाल होने पर छात्रावास के विद्यार्थियों ने राहत व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के प्रति आभार जताया। छात्रों ने कहा कि समय पर हुई कार्रवाई से उनकी सबसे बड़ी समस्या दूर हो गई है और अब वे बेहतर वातावरण में नियमित रूप से पढ़ाई कर सकेंगे।

IBNUL KHAN

EDITOR-IN-CHIEF

JASHPUR TIMES

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!