पत्थलगांव में 112 किलो गांजा बरामद, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
जशपुर-रायगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, ऑपरेशन “आघात” में बड़ी सफलता

जशपुर, 13 अप्रैल 2026।
जशपुर और रायगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन “आघात” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पत्थलगांव क्षेत्र में एक कार से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले की लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध कार के जरिए उड़ीसा से गांजा की बड़ी खेप उत्तरप्रदेश ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर लैलूंगा पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहन का पीछा किया जा रहा था, वहीं जशपुर पुलिस ने पत्थलगांव में नाकाबंदी कर जाल बिछाया।
दोपहर करीब 2 बजे पत्थलगांव के पुरानी बस्ती मुख्य मार्ग पर पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान संदिग्ध टोयोटा कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज रफ्तार से भागने लगा। पुलिस द्वारा पीछा करने पर कार अनियंत्रित होकर नाले के गड्ढे में फंस गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 7 प्लास्टिक बोरियों में 108 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 112 किलो 770 ग्राम पाया गया। जब आरोपियों से वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
- संजीव कुमार नट (30 वर्ष), निवासी इटावा (उत्तरप्रदेश)
- विजय पंडित (28 वर्ष), मूल निवासी वैशाली (बिहार), वर्तमान पता लोनावाला (महाराष्ट्र)
बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि गांजा उड़ीसा के संबलपुर से खरीदा गया था और उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना पत्थलगांव में NDPS एक्ट की धारा 20(B)(2)(C) के तहत मामला दर्ज किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 54 लाख रुपए तथा प्रयुक्त कार की कीमत लगभग 2 लाख रुपए बताई गई है। इस तरह कुल 56 लाख रुपए की जप्ती की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, उप निरीक्षक कृपादान लकड़ा सहित पुलिस टीम एवं रायगढ़ जिले की लैलूंगा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
Ibnul khan
Editor-in-chief
Jashpur times








