विश्व आदिवासी दिवस की धूम, कांसाबेल में निकली भव्य रैली
पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुआ आदिवासी समाज, बिरसा मुंडा को किया माल्यार्पण; कन्या शाला प्रांगण में सभा में तब्दील हुई रैली
कांसाबेल। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को कांसाबेल में आदिवासी समाज द्वारा भव्य रैली निकाली गई। रैली में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे समाज के लोगों से रैली की अलग ही छटा देखने को मिली।
रैली के दौरान “भारत माता की जय”, “आदिवासी जिंदाबाद” और “आदिवासी मूल निवासी” जैसे नारे गूंजते रहे। रैली में शामिल लोगों ने अपनी पारंपरिक संस्कृति और वेशभूषा के माध्यम से आदिवासी समाज की समृद्ध परंपरा को प्रदर्शित किया।
रैली के कांसाबेल बस स्टैंड पहुंचने पर स्वागत किया गया। इसके बाद रैली मुख्य चौक पहुंची, जहां भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इसके पश्चात रैली कन्या शाला प्रांगण पहुंची, जहां रैली सभा में तब्दील हो गई। सभा में आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, एकजुटता और समाज के विकास से जुड़े विषयों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित इस आयोजन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों की सहभागिता रही। पारंपरिक वेशभूषा और उत्साह के साथ निकली रैली ने कांसाबेल में आदिवासी संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की।
IBNUL KHAN
EDITOR-IN-CHIEF
JASHPUR TIMES








