छत्तीसगढ़जनकल्याणजशपुरटॉप न्यूज़युवालोकल न्यूज़

राहवीर योजना: सड़क हादसे में घायलों की जान बचाने वाले दो नागरिकों को जशपुर पुलिस ने किया सम्मानित, मिले ₹25-25 हजार

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने प्रशस्ति पत्र व हेलमेट देकर किया सम्मानित, समय पर मदद करने वालों से आगे आने की अपील

जशपुर।

सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की समय पर सहायता कर मानवता की मिसाल पेश करने वाले दो नागरिकों को जशपुर पुलिस ने सम्मानित किया है। भारत सरकार की “राहवीर योजना (Good Samaritan Scheme)” के तहत दोनों नागरिकों को ₹25-25 हजार की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई, वहीं जशपुर पुलिस ने प्रशस्ति पत्र एवं हेलमेट भेंट कर उनका सम्मान किया।

सम्मानित नागरिकों में प्रियांश भगत एवं श्रवण कुमार भगत शामिल हैं। दोनों ने अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल लोगों को बिना समय गंवाए अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस के अनुसार, 10 फरवरी 2026 को प्रियांश भगत ने ग्राम आटापाठ के पास सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहीं 31 जनवरी 2026 को श्रवण कुमार भगत ने एनएच-43 पर हुए सड़क हादसे में घायल दो लोगों को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।

 

राहवीर योजना क्या है?

केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा संचालित राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना के बाद “गोल्डन ऑवर” के भीतर घायल व्यक्ति को अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने वाले सद्भावी नागरिक (Good Samaritan) को ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाता है।

एसएसपी ने की आमजन से अपील

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद का पहला घंटा यानी “गोल्डन ऑवर” किसी भी घायल के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है। यदि इस दौरान समय पर इलाज मिल जाए तो उसकी जान बचाई जा सकती है।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले नागरिकों को कानून का संरक्षण प्राप्त है और उनकी मानवीय पहल को शासन द्वारा सम्मानित भी किया जाता है। जशपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दुर्घटना की स्थिति में बिना किसी भय के घायलों की मदद करें और उन्हें शीघ्र अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें।

IBNUL KHAN

EDITOR-IN-CHIEF

JASHPUR TIMES



Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!