छत्तीसगढ़जनकल्याणजशपुरटॉप न्यूज़लोकल न्यूज़

‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ अभियान को मिली बड़ी सफलता, कमतरा बना नशा मुक्त ग्राम

डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह की मौजूदगी में ग्रामीणों ने लिया नशामुक्ति और यातायात नियमों के पालन का संकल्प, मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान

जशपुर। जशपुर जिले के कुनकुरी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कमतरा ने सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए स्वयं को “नशा मुक्त ग्राम” घोषित किया है। इस अवसर पर ग्राम कमतरा में युवा मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह स्वयं उपस्थित रहे और ग्रामीणों को नशामुक्ति एवं सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत महतारी वंदन और राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद नशा मुक्ति एवं यातायात नियमों पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को डीआईजी एवं एसएसपी ने पुरस्कृत किया।

मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

समारोह में ग्राम पंचायत के विभिन्न कक्षाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही उनके करियर संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

नशे से दूर रहने का लिया संकल्प

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने ग्राम कमतरा के नशा मुक्त होने पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि युवाओं के सहयोग और ग्रामीणों की सामूहिक पहल से ही समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। उन्होंने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को प्रभावित करता है तथा धीरे-धीरे उसे सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर बना देता है।

उन्होंने उपस्थित लोगों से नशे से दूर रहने, दूसरों को भी जागरूक करने और समाज को स्वस्थ बनाने की अपील की।

यातायात नियमों के पालन पर दिया जोर

कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा को लेकर भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। डीआईजी ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग जीवन रक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। एसडीओपी विनोद मंडावी, डीएसपी कुंजराम चौहान और थाना प्रभारी राकेश यादव ने भी लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया।

अनिमेश कुजूर बने युवाओं की प्रेरणा

विश्व स्तर पर एथलेटिक्स में अपनी पहचान बना चुके अनिमेश कुजूर इसी ग्राम पंचायत के घुईटांगर गांव के निवासी हैं। उनके योगदान और प्रेरणा से गांव में शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और नशामुक्ति अभियान को नई दिशा मिली है। ग्रामीणों ने उन्हें युवाओं का आदर्श बताया।

सामूहिक प्रयास से बना नशा मुक्त ग्राम

ग्रामवासियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया है कि गांव में किसी भी प्रकार के नशे का सेवन, विक्रय या अवैध कारोबार नहीं होने दिया जाएगा। ग्रामीणों का मानना है कि इस पहल से युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा मिलेगी और गांव के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।

कार्यक्रम में एसडीओपी कुनकुरी विनोद मंडावी, डीएसपी कुंजराम चौहान, थाना प्रभारी राकेश यादव, सेवानिवृत्त सेना अधिकारी मोरिस मिंज, जशपुर एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अभिषेक कुजूर, ग्राम सरपंच, सचिव तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Ibnul khan

Editor-in-chief

Jashpur times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!