क्राइमछत्तीसगढ़जशपुरटॉप न्यूज़लोकल न्यूज़

लोदाम में बकरी चोरी करते पकड़ा गया कुख्यात बादी गिरोह का सदस्य, ग्रामीणों की सतर्कता से आरोपी गिरफ्तार

सीतापुर से साथियों के साथ कार में चोरी करने पहुंचा था आरोपी, एक बकरी बरामद, दो साथी फरार

जशपुर। जशपुर जिले के लोदाम थाना क्षेत्र में बकरी चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे कुख्यात बादी (नट) गिरोह के एक सदस्य को ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से रंगे हाथों पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक बकरी समेत वारदात में प्रयुक्त सामान बरामद किया गया है, जबकि उसके दो अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन सहित फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी किशुन राम (35 वर्ष), निवासी बैगाटोली लोदाम ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसने अपने घर में नौ बकरा-बकरी पाल रखे थे। 2 जून की रात सभी पशुओं को गोहार में बांधकर वह परिवार सहित सो गया था। रात करीब दो बजे पड़ोसी ने फोन कर घर के बाहर संदिग्ध वाहन खड़े होने और कुछ लोगों के घूमने की सूचना दी।

सूचना मिलने पर जब वह घर से बाहर निकला तो देखा कि घर के एक कमरे का ताला तोड़कर सामान बिखेर दिया गया था। इसके बाद गोहार में जाकर देखने पर एक बकरा और एक बकरी गायब मिले। इसी दौरान ग्रामीणों के शोर सुनकर मौके पर पहुंचने पर पता चला कि गांव के कोटवार और अन्य ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया है।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम अनीष खान उर्फ गोल्डन (25 वर्ष) निवासी टुकूपारा, थाना सीतापुर, जिला सरगुजा बताया। उसके कब्जे से चोरी की गई एक बकरी, टांगी, टॉर्च, मोबाइल फोन, टेप सहित अन्य सामान बरामद किया गया। आरोपी के दो अन्य साथी कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

कुख्यात बादी गिरोह से जुड़ा है आरोपी

पुलिस पूछताछ में अनीष खान ने खुद को कुख्यात बादी (नट) गिरोह का सदस्य बताया। उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ सीतापुर से वाहन में सवार होकर चोरी की नीयत से लोदाम क्षेत्र आया था। पुलिस को आरोपी के विरुद्ध अन्य थानों में भी अपराध दर्ज होने की जानकारी मिली है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना लोदाम में अपराध क्रमांक 38/2026 के तहत धारा 331(4), 305 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

ग्रामीणों की सतर्कता बनी सफलता की कुंजी

इस कार्रवाई में जागरूक ग्रामीणों की भूमिका अहम रही, जिनकी सतर्कता के कारण आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि कुख्यात बादी गिरोह के एक सदस्य को चोरी करते समय रंगे हाथ पकड़ा गया है। उसके फरार साथियों की सघन तलाश जारी है तथा सभी मामलों की बारीकी से जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Ibnul khan

editor-in-chief

jashpur times

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!