40 वर्षों की सेवा के बाद ‘गुरूजी’ हुए सेवानिवृत्त, जशपुर पुलिस ने सम्मानपूर्वक दी विदाई
उप निरीक्षक नारायण प्रसाद साहू को डीआईजी-एसएसपी ने हेलमेट, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मानित

जशपुर। जशपुर पुलिस परिवार के लिए सोमवार का दिन भावुक और गौरवपूर्ण रहा। लगभग 40 वर्षों तक पुलिस विभाग में उत्कृष्ट, कर्तव्यनिष्ठ और निष्पक्ष सेवाएं देने वाले उप निरीक्षक नारायण प्रसाद साहू अधिवार्षिकी आयु पूर्ण करने के बाद 31 मई 2026 को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय जशपुर में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जहां डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने उन्हें ससम्मान विदाई दी।
समारोह में डॉ. लाल उमेद सिंह ने श्री साहू के लंबे सेवाकाल, अनुकरणीय कार्यशैली और विभाग के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्हें स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र, शॉल-श्रीफल के साथ सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए हेलमेट भी भेंट किया गया।
1986 में आरक्षक के रूप में शुरू की थी सेवा
उप निरीक्षक नारायण प्रसाद साहू का जन्म 24 मई 1964 को दुर्ग जिले के ग्राम उमरपोटी में हुआ था। उन्होंने 18 सितंबर 1986 को तत्कालीन मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षक पद से अपनी सेवा यात्रा शुरू की थी। पुलिस प्रशिक्षण केंद्र माना, रायपुर से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्होंने दुर्ग, साजा, नांदघाट, मोहननगर, एसआईयू दुर्ग रेंज, पुलगांव, पत्थलगांव, कोतबा और बागबहार सहित कई थानों और इकाइयों में सेवाएं दीं।
मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर उन्होंने आरक्षक से पदोन्नति पाकर प्रधान आरक्षक, सहायक उप निरीक्षक और अंततः उप निरीक्षक का पद हासिल किया।
कई चर्चित मामलों में निभाई अहम भूमिका
अपने लंबे सेवाकाल के दौरान श्री साहू ने लूट, डकैती, हत्या और धोखाधड़ी जैसे गंभीर अपराधों की विवेचना में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वर्ष 2021 के चर्चित पत्थलगांव हिट एंड रन मामले में भी उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आरोपियों की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाई थी। उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें कई बार नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्रों से सम्मानित किया गया।
‘गुरूजी’ के नाम से थे प्रसिद्ध
अपने सरल, सौम्य और मार्गदर्शक स्वभाव के कारण नारायण प्रसाद साहू विभाग में “गुरूजी” के नाम से लोकप्रिय रहे। उन्होंने अपने अनुभव और ज्ञान से अनेक युवा पुलिसकर्मियों का मार्गदर्शन किया, जिसके चलते उन्हें विभाग का एक कुशल प्रशिक्षक और मार्गदर्शक माना जाता है।
विदाई समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, डीएसपी कुंजराम चौहान, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे, उप निरीक्षक खोमराज ठाकुर सहित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और श्री साहू के परिजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस परिवार उप निरीक्षक नारायण प्रसाद साहू के स्वस्थ, सुखमय और समृद्ध जीवन की कामना करता है तथा विभाग को दिए गए उनके अमूल्य योगदान के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता है।







