छत्तीसगढ़जनकल्याणजशपुरटॉप न्यूज़राज्यलोकल न्यूज़

कांसाबेल में सजी खुशियों की महफिल, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 12 जोड़े बंधे विवाह सूत्र में

सर्वधर्म सद्भाव की मिसाल: कांसाबेल में 12 जोड़ों का सामूहिक विवाह, गाजे-बाजे के साथ निकली बारात और उत्सव में बदला पूरा परिसर

कांसाबेल। जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड में गुरुवार को खुशियों और सामाजिक समरसता का अनूठा नजारा देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 12 जोड़ों ने अपने नए जीवन की शुरुआत की।

महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में स्थानीय शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में पूरे क्षेत्र का माहौल उत्सवमय बना रहा। गाजे-बाजे और पारंपरिक धुनों के साथ निकली बारात ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

इस आयोजन की सबसे खास बात सर्वधर्म सद्भाव की झलक रही। सामूहिक विवाह में 09 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न कराया गया, वहीं 03 ईसाई जोड़े ईसाई परंपराओं के अनुसार विवाह बंधन में बंधे। एक ही मंच पर अलग-अलग परंपराओं का यह संगम लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

विद्यालय परिसर में वधू पक्ष द्वारा बारातियों का आत्मीय स्वागत किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान परिवारजनों और रिश्तेदारों में खुशी का माहौल देखने को मिला। नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील गुप्ता, जनपद अध्यक्ष सरिता भगत, जनपद उपाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, पूर्व जनपद अध्यक्ष मोती राम भगत, जनपद सदस्या शिप्रा दास, कांसाबेल सरपंच अनिल खलखो, उपसरपंच अमित जिंदल, युवा मोर्चा सोशल मीडिया सह प्रभारी संजय सिंह, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता अनूप कश्यप एवं सुभाषचंद्र गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधियों ने नवदम्पत्तियों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।

सामूहिक विवाह कार्यक्रम को सफल बनाने में परियोजना अधिकारी योगेश भगत, राजेश क्षीरसागर, लक्षण राम सोरेन सहित कांसाबेल एवं दोकड़ा क्षेत्र के पर्यवेक्षकों और महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अतिथियों ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत बताते हुए शासन की इस पहल की सराहना की।

Ibnul khan

Editor-Jashpur Times

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!