रांची से गिरफ्तार हुआ शादी का झांसा देकर अनाचार करने वाला आरोपी नागेंद्र उरांव | Jashpur Times
जशपुर पुलिस ने एक फरार महिला संबंधित आरोपी को सटीक जानकारी पर दबोचा

जशपुर पुलिस ने महीनों से फरार चल रहे आरोपी नागेंद्र उरांव को रांची से गिरफ्तार कर जेल भेजा। मामला थाना सन्ना क्षेत्रांतर्गत का है।प्रार्थिया की शिकायत पर थाना सन्ना में आरोपी के विरुद्ध भादवि की धारा 376 एवं बीएनएस की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। आरोपी पूर्व से शादीशुदा होने के बावजूद पीड़िता को शादी का झांसा देता रहा और उसके साथ शारीरिक शोषण करता रहा। गिरफ्तार आरोपी का नाम नागेंद्र उरांव, उम्र 35 वर्ष है।
दिनांक 17.10.2025 को थाना सन्ना क्षेत्र की 35 वर्षीय पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह जशपुर जिले के एक बालक आश्रम में स्वीपर के रूप में कार्यरत है। वर्ष 2023 में उसकी बहन, जो ‘सेप शॉप’ नामक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थी, के माध्यम से पीड़िता की मुलाकात आरोपी नागेंद्र उरांव से कराई गई। आरोपी कंपनी में डायमंड रैंक पर था और प्रोडक्ट बेचने में मदद करने के बहाने पीड़िता के संपर्क में आता-जाता रहता था।
सितंबर 2023 में आरोपी पीड़िता के घर रुका और रात में उसके कमरे में जाकर शादी का झांसा देकर उससे अनाचार किया। इसके बाद आरोपी समय-समय पर शादी का वादा करते हुए पीड़िता का शोषण करता रहा। इस दौरान पीड़िता दो बार गर्भवती भी हुई, मगर आरोपी ने उसका गर्भपात करा दिया। बाद में पीड़िता को पता चला कि आरोपी पूर्व से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। शादी की बात करने पर आरोपी ने साफ इंकार कर दिया और झारखंड स्थित अपने गांव फरार हो गया।
चूंकि मामला महिला से संबंधित था, इसलिए प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना सन्ना में विशेष ध्यान देकर जांच प्रारंभ की गई। आरोपी घटना के बाद से ही फरार था। पुलिस उसकी निरंतर तलाश कर रही थी। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर यह जानकारी मिली कि आरोपी नागेंद्र उरांव रांची में छिपा हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एक टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी हेतु रांची रवाना किया गया। टीम ने रांची में आरोपी के घर की घेराबंदी कर उसे हिरासत में लेकर जशपुर लाया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त सबूत मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सन्ना उप निरीक्षक संतोष कुमार सिंह एवं प्रधान आरक्षक विजय खूंटे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर का बयान
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराधों के प्रति अत्यंत संवेदनशील है। सन्ना थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ शादी का झांसा देकर अनाचार करने वाले फरार आरोपी को रांची से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा |
-ibnul khan
editor in chief jashpur times




