राष्ट्रीय एकता दिवस पर जशपुर में एकता दौड़ का आयोजन, पुलिसकर्मियों और विद्यार्थियों ने दिया एकजुटता का संदेश
कलेक्टर रोहित व्यास ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को किया रवाना, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को किया याद

जशपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को जशपुर पुलिस द्वारा एकता दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, जवानों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर रोहित व्यास ने रणजीता स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को रवाना किया। दौड़ रणजीता स्टेडियम से शुरू होकर महाराजा चौक होते हुए रक्षित केंद्र जशपुर के परेड ग्राउंड में संपन्न हुई।
पुलिस जवानों और विद्यार्थियों ने उत्साह से लिया हिस्सा
एकता दौड़ में जिला पुलिस बल एवं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ नव संकल्प और क्रीड़ा परिसर के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने कदम से कदम मिलाकर दौड़ लगाते हुए देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।

सरदार पटेल के योगदान को किया याद
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल का अतुलनीय योगदान रहा है। उनके राष्ट्र के प्रति समर्पण और ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करने के लिए प्रत्येक वर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता और विविधता में समाहित एकजुटता है। देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखना केवल किसी एक संस्था की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी को आपसी मतभेद भुलाकर सम्मान, विश्वास और सहयोग की भावना के साथ राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए।
भाईचारे और सद्भाव से मजबूत होगा राष्ट्र
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने एकता दौड़ में शामिल पुलिसकर्मियों और विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन शारीरिक गतिविधि के साथ-साथ समाज में अनुशासन, एकता, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।

उन्होंने जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी प्रेम एवं सद्भाव के साथ रहने और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डीएसपी ट्रैफिक कुंज राम चौहान, एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे, सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, प्रशिक्षु सूबेदार रविशंकर साहू सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित इस दौड़ के माध्यम से जशपुर पुलिस ने संदेश दिया कि एकजुटता, आपसी सम्मान और सद्भाव ही सशक्त, समृद्ध एवं श्रेष्ठ भारत की नींव हैं।
IBNUL KHAN
EDITOR-IN-CHIEF
JASHPUR TIMES






