ऑपरेशन आघात: जशपुर पुलिस ने पकड़ा 207 किलो गांजा, 1.13 करोड़ की जप्ती
आम की ट्रे के नीचे छिपाकर उड़ीसा से लाई जा रही थी गांजे की खेप, एक आरोपी गिरफ्तार

जशपुर। नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कांसाबेल अंतर्गत चौकी दोकड़ा क्षेत्र में पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 02 क्विंटल 07 किलो अवैध गांजा बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 207 पैकेट में भरा 207 किलो गांजा, तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक UP-70-RT-6633, एक मोबाइल फोन और नगदी रकम जप्त की है। मामले में कुल 1 करोड़ 13 लाख 60 हजार 550 रुपये की जप्ती की गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेमनाथ सिंह (36 वर्ष) निवासी ग्राम विमड़ा, थाना बगीचा, जिला जशपुर के रूप में हुई है।
आम के नीचे छिपाकर हो रही थी तस्करी
पुलिस के अनुसार 12 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन में कच्चे आम की ट्रे के नीचे भारी मात्रा में गांजा छिपाकर उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना पर चौकी दोकड़ा पुलिस ने ग्राम देवरी के पास नाकाबंदी की।संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए बगिया-दोकड़ा मुख्य मार्ग स्थित बहाल जोर के पास वाहन को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने पाया कि पिकअप में रखी प्लास्टिक की ट्रे में ऊपर कच्चे आम भरे थे, जबकि नीचे खाकी टेप से लिपटे गांजे के पैकेट छिपाकर रखे गए थे। पुलिस ने 23 कैरेट से कुल 207 पैकेट गांजा बरामद किया।
नेटवर्क की जांच जारी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा सुंदरगढ़ (उड़ीसा) से लेकर आया था और इसे अंबिकापुर पहुंचाना था, जहां से अन्य लोग इसे उत्तर प्रदेश ले जाने वाले थे। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जनवरी 2026 से अब तक बड़ी कार्रवाई
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि “ऑपरेशन आघात” के तहत जनवरी 2026 से अब तक जशपुर पुलिस ने 3 करोड़ रुपये से अधिक कीमत का नशीला पदार्थ जप्त किया है। इसमें 744 किलो से अधिक गांजा, प्रतिबंधित कफ सिरप, ब्राउन शुगर और गांजा पौधे शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
IBNUL KHAN
EDITOR-IN-CHIEF
JASHPUR TIMES








