जशपुर: पत्नी के सिर पर लोहे के रिंग पाना से किया जानलेवा हमला, फरार आरोपी पति गिरफ्तार
पत्थलगांव के झक्कड़पुर गांव की घटना; पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल, वारदात में इस्तेमाल लोहे का रिंग पाना जब्त

जशपुर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम झक्कड़पुर में पत्नी पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान करम साय तिर्की (36 वर्ष), निवासी बंधन पारा, ग्राम झक्कड़पुर, थाना पत्थलगांव के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का रिंग पाना भी जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामूली बात पर आक्रोशित होकर किया हमला
पुलिस के अनुसार, घटना 3 अगस्त 2026 की रात करीब 10 बजे की है। आरोपी के भाई जयराम तिर्की ने 4 अगस्त को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी अपनी पत्नी नबिना तिर्की के सिर पर मोटरसाइकिल के पहिए का नट खोलने और कसने में इस्तेमाल होने वाले लोहे के रिंग पाना से हमला कर दिया था।
बताया गया कि घटना के समय आरोपी अपने कमरे में रिंग पाना खोज रहा था। पत्नी द्वारा पूछे जाने पर वह कथित रूप से आक्रोशित हो गया और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके सिर पर लगातार तीन वार किए। हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोटें आईं। घायल महिला को उपचार के लिए पत्थलगांव के डिवाइन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दो महीने से फरार आरोपी को पुलिस ने पकड़ा
पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर पत्थलगांव थाने में अपराध क्रमांक 166/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया और प्रार्थी, पीड़िता सहित अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए।
घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान 30 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गृह ग्राम में देखा गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम झक्कड़पुर में घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।
हमले में प्रयुक्त हथियार जब्त
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसके कथन के आधार पर वारदात में इस्तेमाल लोहे का रिंग पाना बरामद कर जब्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार, उप निरीक्षक विदवा राम यादव और प्रधान आरक्षक सुभाष नायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
IBNUL KHAN
EDITOR-IN-CHIEF
JASHPUR TIMES






