जशपुर पुलिस की सख़्त कार्रवाई: साईंटांगरटोली की महिला ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार
ब्राउन शुगर के साथ महिला गिरफ्तार | पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जशपुर | 30 जनवरी 2026
जिले में नशे के कारोबार पर कड़ा प्रहार करते हुए जशपुर पुलिस ने प्रतिबंधित मादक पदार्थ ब्राउन शुगर के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद आरोपिया को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, डॉ. लाल उमेद सिंह को विश्वसनीय स्रोत से सूचना मिली थी कि साईंटांगरटोली (ईदगाहपारा) निवासी एक महिला अपने घर में अवैध रूप से ब्राउन शुगर संग्रहित कर उसकी बिक्री की तैयारी कर रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल थाना लोदाम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
दबिश में 18 पुड़ियों में रखा ब्राउन शुगर बरामद
थाना प्रभारी लोदाम के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। महिला कर्मचारी की उपस्थिति में की गई विधिसम्मत तलाशी के दौरान घर की परछी में छिपाकर रखे गए 18 छोटे पैकेटों में कुल 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹10,800 आंकी गई है।
बरामदगी के आधार पर आरोपिया के विरुद्ध धारा 21(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पूछताछ में आरोपिया ने बताया कि उक्त मादक पदार्थ उसे उसके पति द्वारा विक्रय के उद्देश्य से दिया गया था, जबकि उसका पति पहले से ही अन्य आपराधिक मामले में जेल में बंद है।
गिरफ्तार आरोपिया का विवरण
-
नाम: आफरीन खातून
-
उम्र: 27 वर्ष
-
निवासी: साईंटांगरटोली, जशपुर
इस कार्रवाई में थाना लोदाम की टीम के साथ महिला पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही, जिनके समन्वित प्रयास से त्वरित और प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकी।
जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के प्रति शून्य सहनशीलता नीति अपनाई गई है। अवैध मादक पदार्थों से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों से अपील है कि वे ऐसी गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें—सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
ibnul khan
editor-in-chief, jashpur times




