चार विशेष टीमों की दबिश, नारायणपुर दुष्कर्म मामले में 9 आरोपी पकड़े गए
डीआईजी व एसएसपी के निर्देश पर चार विशेष टीमों की कार्रवाई, घंटों में आरोपियों को पकड़ा गया

थाना नारायणपुर क्षेत्र, जिला जशपुर
जशपुर। थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत नाबालिग बालिका से दुष्कर्म एवं छेड़छाड़ के गंभीर मामले में जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना मिलने के चंद घंटों के भीतर 09 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह के निर्देशन में चार विशेष टीमों का गठन किया गया था।क्या है मामला?
20 फरवरी 2026 को प्रार्थी ने थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 35 वर्षीय भतीजी एवं 13 वर्षीय नाबालिग बेटी, जो मेहमानी से लौट रही थीं, रास्ते में एक चौक के पास नौ युवकों द्वारा छेड़छाड़ का शिकार हुईं। भयभीत होकर भतीजी घर पहुंची और घटना की जानकारी दी।
प्रार्थी जब मौके पर पहुंचा तो आरोपी फरार हो गए। बाद में नाबालिग बालिका ने बताया कि एक आरोपी उसे कुछ दूरी पर ले जाकर जबरन जमीन पर पटक कर दुष्कर्म किया, जबकि अन्य आरोपी दूर खड़े होकर घटना देखते रहे।
ग्रामीणों को घटना की जानकारी होने पर आरोपियों द्वारा समझौते का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने की बात भी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 137, 87, 96, 64, 65(1), 70(1), 70(2), 127(2), 351(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5 व 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की है। पीड़िता का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया है।
09 आरोपी हिरासत में
मामले में कुल 09 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें एक 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। बालिग आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है, जबकि नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों को लेकर जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई में निरीक्षक राकेश कुमार यादव सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ibnul khan
editor-in-chief
Jashpur Times – सच सब तक




