जशपुर के जामटोली में हृदयविदारक घटना, पिता ने आवेश में ली बेटी की जान
घर निर्माण को लेकर पैसों के विवाद में आवेश में पिता ने किया वार, पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी जब्त कर आरोपी को भेजा जेल

जशपुर। थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम जामटोली में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां पिता ने आवेश में आकर अपनी ही 23 वर्षीय बेटी की टांगी से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 3 बजे घर निर्माण के लिए ईंट-गिट्टी मंगवाने एवं पैसों की बात को लेकर आरोपी पिता लौरेस लकड़ा (47 वर्ष) और उसकी बेटी बिंदिया लकड़ा के बीच विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि मृतिका बिंदिया लकड़ा आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत थी और अपने घर के पास नया मकान बनवा रही थी। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घर में रखी टांगी के पिछले हिस्से से अपनी बेटी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मृतिका की बहन अनुषा लकड़ा द्वारा थाना नारायणपुर में दी गई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव पंचनामा तैयार किया तथा पोस्टमार्टम कराया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट के अनुसार सिर में गंभीर चोट के कारण मृत्यु होना बताया गया है।
त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी लौरेस लकड़ा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। हत्या में प्रयुक्त टांगी को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक उमेश प्रभाकर, प्रधान आरक्षक पुरनचंद पटेल, उमेश मिंज, आरक्षक अशोक कंसारी, अमित एक्का एवं नगर सैनिक वीरेंद्र भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ibnul khan
editor-in-chief
Jashpur Times – सच सब तक




