मुख्यमंत्री के विधानसभा कुनकुरी में जानलेवा हमला, कुरकुंगा में जेसीबी से पीएम आवास ढहाया गया
एसपी शशिमोहन के तबादले के बाद कानून-व्यवस्था पर नए एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के सामने बड़ी चुनौती

जशपुर | कुनकुरी (कुरुकुंगा)
मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी अंतर्गत ग्राम पंचायत कुरुकुंगा में 4 फरवरी की रात एक सनसनीखेज और जानलेवा वारदात सामने आई है। शांत माने जाने वाले जशपुर जिले में इस प्रकार की घटना ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 फोरव्हीलर और 1 जेसीबी में सवार करीब 15 से 20 हथियारबंद लोग देर रात ग्राम कुरुकुंगा पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने राजकुमार यादव के परिवार पर लाठी-डंडों और हथियारों से हमला कर दिया तथा उनके नवनिर्मित प्रधानमंत्री आवास को जेसीबी से गिरा दिया।

हमले में राजकुमार यादव गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए, जबकि उनके पुत्र को भी लहूलुहान कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ग्रामीण को जेसीबी के नीचे कुचलने की कोशिश की गई, जिसे बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे, जिनमें सरपंच एवं बीडीसी सदस्य भी शामिल थे। ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। भागते समय जेसीबी कुरुकुंगा सरपंच की कार से टकराने से बाल-बाल बची, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी, कुनकुरी, नारायणपुर एवं बगीचा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जेसीबी को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित की शिकायत पर शंकर यादव, सुरेश यादव, निमेष यादव, हरीश यादव एवं रितेश यादव के खिलाफ थाना नारायणपुर में गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

प्रारंभिक जांच में मामला शासकीय भूमि पर बने प्रधानमंत्री आवास को लेकर पुराने पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसने हिंसक रूप ले लिया।
यह घटना मुख्यमंत्री के गृह जिले में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। अब देखना होगा कि नवपदस्थ एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह (IPS) अपराधियों पर कितनी सख्ती से कार्रवाई करते हैं।
ibnul khan
editor-in-chief, Jashpur Times




