सहायक शिक्षिका किरण बाई के निधन पर फेडरेशन की संवेदनशील पहल, परिवार को सहायता राशि
फेडरेशन ने दी श्रद्धांजलि, शोकाकुल परिवार को आर्थिक सहयोग

कांसाबेल | जशपुर
विकासखंड कांसाबेल अंतर्गत प्राथमिक शाला महुआ टोली, संकुल बटईकेला में पदस्थ सहायक शिक्षिका कु. किरण बाई का स्वास्थ्यगत कारणों से विगत दिनों असामयिक निधन हो गया। वे विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग से थीं। उनके असमय निधन से परिवार के साथ-साथ समूचे शिक्षा जगत में शोक की लहर है।
स्वर्गीय किरण बाई के पिता श्री सुधु राम, ग्राम पंडरापाठ (ऊपर सेमरा) निवासी हैं। इस दुःखद घटना पर छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक / समग्र शिक्षक फेडरेशन ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शिक्षक साथियों से सहयोग राशि एकत्र करने की पहल की।
संवेदना स्वरूप ₹11,252 की राशि एकत्र
विकासखंड कांसाबेल के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा ₹11,252 की सहयोग राशि संकलित की गई। फेडरेशन की कांसाबेल टीम द्वारा ग्राम पंडरापाठ पहुँचकर शोकसंतप्त परिवार को सांत्वना दी गई तथा संकलित राशि सौंपते हुए संवेदना व्यक्त की गई।
फेडरेशन की पहल पर ₹50,000 की अग्रिम सहायता
इसके अतिरिक्त, फेडरेशन की पहल पर ₹50,000 की अग्रिम सहायता राशि स्वर्गीय किरण बाई के पिता श्री सुधु राम के बैंक खाते में जमा कराई गई। इस प्रक्रिया में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री गोपाल राम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए संवेदनशीलता का परिचय दिया गया, जिससे दुःख की इस घड़ी में शिक्षा विभाग पीड़ित परिवार के साथ खड़ा रह सके।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक / समग्र शिक्षक फेडरेशन के पदाधिकारी—
प्रेम शंकर यादव (अध्यक्ष), गुल सागर पैंकरा (सचिव), विरेंद्र एक्का (सह सचिव), रवि किरण डनसेना (जिला संगठन मंत्री), मुकेश गुप्ता (जोन प्रभारी), जितेंद्र पैंकरा (संकुल अध्यक्ष)
के साथ बगीचा ब्लॉक फेडरेशन टीम से पुरेंदर यादव एवं राकेश सिंह उपस्थित रहे।
फेडरेशन ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की कामना की।
IBNUL KHAN
EDITOR-IN-CHIEF,JASHPUR TIMES
Jashpur Times – सच सब तक।





