जशपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: गर्भवती पत्नी की डंडे से हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार
सब्जी पकाने के विवाद में गर्भवती महिला की हत्या, 2 साल की बच्ची लेकर फरार पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार

जशपुर | 09 फरवरी 2026
जशपुर जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढोठीपहरी (कुरूम ढोढा) में एक हृदयविदारक और गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है। सब्जी पकाने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी छह माह की गर्भवती पत्नी की डंडे से मारपीट कर हत्या कर दी और फिर अपनी दो वर्षीय बच्ची को लेकर फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 फरवरी 2026 को प्रार्थी जेठू विश्वकर्मा निवासी ग्राम बेलसुंगा ने थाना नारायणपुर में सूचना दी कि उनकी पुत्री कमला विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई है। कमला, आरोपी स्वदेश उर्फ सुदेश राम कोरवा (27 वर्ष) के साथ पति-पत्नी के रूप में रह रही थी और दोनों की एक दो वर्ष की बच्ची भी है। मृतिका उस समय छह माह की गर्भवती थी।
घटना के दिन शाम लगभग 7:30 बजे, पति-पत्नी के बीच सब्जी बनाने को लेकर विवाद हुआ। आवेश में आकर आरोपी ने पास पड़े लकड़ी के डंडे से पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी बच्ची को लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही थाना नारायणपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पंचनामा, फॉरेंसिक जांच और दंडाधिकारी की उपस्थिति में प्रक्रिया पूरी कराई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण मारपीट से आई गंभीर चोटें (हत्यात्मक) पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस टीम ने सघन पतासाजी करते हुए आरोपी को उसके गृह ग्राम ढोढ़ीबहार (चौकी दोकड़ा) से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त डंडा भी जप्त किया गया है।
आवश्यक साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि।”
थाना नारायणपुर क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर फरार आरोपी को पुलिस ने शीघ्र गिरफ्तार कर लिया है। मामले में कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की गई है
उक्त कार्रवाई में थाना नारायणपुर से
सउनि उमेश प्रभाकर,
प्र.आर. उमेश मिंज,
प्र.आर. अजय कुजूर,
आरक्षक कुलदीप खलखो, अशोक कंसारी, प्रदीप भगत,
सैनिक बिरेन्द्र भगत एवं ओमप्रकाश यादव का सराहनीय योगदान रहा।
ibnul khan
editor-in-chief Jashpur Times




