कलेक्ट्रेट अफसर बनकर ठगी! 4.35 लाख ऐंठने वाला रायगढ़ का युवक जशपुर से गिरफ्तार
कलेक्ट्रेट में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो युवकों से 4 लाख 35 हजार की ठगी, सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को होटल से दबोचा

जशपुर। सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी खुद को कलेक्ट्रेट का बड़ा अधिकारी बताकर लोगों को झांसे में लेता था।
गिरफ्तार आरोपी का नाम प्रदीप पंडा (28 वर्ष) निवासी सोडापाठ चौक पुसौर, थाना पुसौर, जिला रायगढ़ (छ.ग.) है। आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली जशपुर में बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
ऐसे दिया ठगी को अंजाम
दिनांक 16 फरवरी 2026 को प्रार्थी रोहित खाखा (23 वर्ष), निवासी ग्राम इचकेला, थाना सिटी कोतवाली जशपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी प्रदीप पंडा ने उसकी मां को यह कहकर झांसे में लिया कि वह कलेक्ट्रेट में बड़ा अधिकारी है और सुरक्षा गार्ड की नौकरी लगवा सकता है।
आरोपी ने पहले 50 हजार रुपये लिए। बाद में ज्वाइनिंग लेटर दिलाने के नाम पर 1 लाख 50 हजार रुपये और मांग लिए। प्रार्थी की मां ने गांव की जमीन गिरवी रखकर यह रकम दी।
इसके बाद आरोपी ने एक और पद खाली होने की बात कहकर ठूठीअंबा निवासी उमेश भगत की मां से भी 2 लाख 35 हजार रुपये ऐंठ लिए।
कुल मिलाकर आरोपी ने दोनों परिवारों से 4 लाख 35 हजार रुपये की ठगी की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को जशपुर के एक होटल से घेराबंदी कर हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि ठगी की रकम से उसने उधारी चुकाई, फर्नीचर और कंप्यूटर खरीदा तथा अन्य खर्चों में राशि खर्च कर दी।
पुलिस ने आरोपी के तथाकथित ऑफिस (भट्टी रोड जशपुर) से टेबल, कुर्सी, कंप्यूटर आदि सामान भी जब्त किया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक विपिन किशोर केरकेट्टा, आरक्षक विनोद तिर्की एवं नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
IBNUL KHAN
EDITOR-IN -CHIEF, JASHPUR TIMES




