बागबहार क्षेत्र में नाबालिग से गंभीर अपराध, पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया
नाटक कार्यक्रम से लौटते समय अज्ञात युवकों ने दिया झांसा, विशेष टीम गठित कर तलाश तेज

जशपुर ब्रेकिंग | नाबालिग से गंभीर अपराध का मामला
जशपुर | बागबहार / पत्थलगांव | 18 फरवरी 2026
जिले के थाना बागबहार क्षेत्रांतर्गत एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ गंभीर आपराधिक घटना का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता 16 फरवरी 2026 की रात एक ग्राम में आयोजित नाटक कार्यक्रम देखने गई थी। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों द्वारा खोजबीन शुरू की गई। इसी दौरान 17 फरवरी की रात बिजली सब स्टेशन के पास सड़क किनारे पीड़िता अचेत अवस्था में मिली। ग्रामीणों की मदद से उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पीएचसी पत्थलगांव रेफर किया गया।
इलाज के दौरान पीड़िता ने अपनी माता को बताया कि घर लौटते समय दो अज्ञात युवकों ने उसे घर छोड़ने का झांसा देकर मोटरसाइकिल में बैठाया और जबरन जंगल की ओर ले गए। वहां उसके साथ गंभीर अपराध किया गया।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
मेडिकल रिपोर्ट और परिजनों की सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा
बीएनएस की धारा 138, 70(2) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
प्रकरण की घटना थाना बागबहार क्षेत्रांतर्गत होने से मामला जांच हेतु वहीं स्थानांतरित कर दिया गया है।
विशेष टीम गठित, आरोपियों की तलाश तेज
मामले की गंभीरता को देखते हुए
डॉ लाल उमेद सिंह के निर्देश पर तकनीकी और स्थानीय पुलिस टीम की विशेष गठित टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
जशपुर टाइम्स | सच सब तक
पीड़िता की पहचान गोपनीय रखते हुए जिम्मेदार पत्रकारिता हमारी प्राथमिकता है।
Ibnul Khan
editor-in-chief, jashpur times




