पुसरा में विकास की सौगात: सालिक साय ने सीसी सड़क निर्माण कार्य का किया भूमिपूजन
पुसरा में सीसी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन, ग्रामीणों में उत्साह

कांसाबेल (जशपुर)
जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड अंतर्गत सारुकछार (पुसरा) में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय के आगमन पर ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया। श्री साय यहां आदिवासी संस्कृति एवं इतिहास के प्रतीक कर्मा प्रतियोगिता तथा सीसी सड़क निर्माण कार्य के भूमिपूजन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कर्मा नृत्य व मांदर की थाप पर हुआ स्वागत
मुख्य मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक श्री सालिक साय एवं अन्य अतिथियों का कर्मा नृत्य और मांदर की थाप पर आकर्षक स्वागत किया गया। पारंपरिक वेशभूषा में प्रस्तुत आदिवासी नृत्य ने पूरे माहौल को सांस्कृतिक रंग में रंग दिया।
46 लाख की लागत से बनने वाली सीसी सड़क का भूमिपूजन
कार्यक्रम स्थल पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय के करकमलों से ग्राम पुसरा में लगभग 46 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क सहित तीन महत्वपूर्ण विकास कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया गया। इस विकास कार्य को ग्रामीणों के लिए आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया गया।
इस अवसर पर जिला भाजपा मंत्री श्री आलोक सारथी, कांसाबेल की डीडीसी श्रीमती हिरामती पैंकरा, क्षेत्रीय बीडीसी खगेन्द्र साय, सरपंच सुनीता बाई, उपसरपंच बालेश्वर चक्रेश सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। उपसरपंच बालेश्वर चक्रेश द्वारा अतिथियों का साल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
कर्मा व नाटक प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पुसरा में कर्मा एवं नाटक प्रतियोगिता सह मेला का आयोजन किया गया, जिसमें सुगा जोरी तेलायन सहित आधा दर्जन से अधिक कर्मा नृत्य दलों ने अपनी प्रस्तुति दी। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
आदिवासी संस्कृति के संरक्षण पर जोर
अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय ने कहा कि जशपुर की पहचान उसकी आदिवासी संस्कृति और परंपराओं से है। इसे संजोकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पूर्व में क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों को याद करते हुए वर्तमान भूमिपूजन को ग्राम के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
ibnul khan
editor-in-chief, jashpur times









