किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़, उनकी हर समस्या का समाधान होगा : सालिक साय
किसानों की सुविधा सर्वोपरि, धान खरीदी में पारदर्शिता और समय पर भुगतान पर जोर

जशपुर | जशपुर टाइम्स
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में लागू की जा रही नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत जिले में लगातार निगरानी एवं निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने करडेगा धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री साय ने धान खरीदी केंद्र में उपस्थित किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, अनुभव एवं धान खरीदी की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और शासन की मंशा के अनुरूप धान खरीदी की प्रक्रिया पारदर्शी, सुचारु एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न की जाए।
किसानों की सुविधा सर्वोपरि : जिला पंचायत अध्यक्ष
श्री साय ने धान खरीदी केंद्र में पीने के पानी, बैठने की व्यवस्था, छाया, तौल व्यवस्था एवं साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों की सुविधा, सम्मान एवं हित सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी हर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
समय पर तौल एवं भुगतान पर विशेष जोर
जिला पंचायत अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों का धान समय पर तौला जाए तथा भुगतान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि यदि किसी भी स्तर पर कोई समस्या आती है, तो उसका तत्काल निराकरण किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान श्री साय ने संबंधित कर्मचारियों एवं अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्था, अनुशासन एवं पारदर्शिता बनाए रखना अनिवार्य है, ताकि किसानों को बार-बार केंद्रों के चक्कर न लगाने पड़ें और शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ उन्हें मिल सके।
निरीक्षण के अवसर पर समिति के कर्मचारी, संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
ibnul khan
editor-in-chief
jashpur times




