जशपुर: नव पदस्थ डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने ली अनुविभागवार अपराध समीक्षा बैठक
अपराध समीक्षा बैठक | कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश

जशपुर | 28 जनवरी 2026
जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नव पदस्थ डॉ. लाल उमेद सिंह, डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर ने आज पुलिस कार्यालय जशपुर में अनुविभागवार अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में समस्त राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी, थाना/चौकी प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।
लंबित मामलों की बारीकी से समीक्षा
बैठक के दौरान अनुभागवार लंबित अपराध, चालान, मर्ग एवं शिकायतों की गहन समीक्षा की गई। डीआईजी एवं एसएसपी ने सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुराने मामलों के निराकरण हेतु विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिले में गौ-तस्करी, अवैध शराब, मादक पदार्थ तस्करी, जुआ-सट्टा एवं अन्य अवैध कारोबार पर प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। सूचना प्राप्त होने पर तत्काल नाकाबंदी कर बेरियर लगाकर वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया। सीमावर्ती क्षेत्रों, अंतरराज्यीय मार्गों एवं प्रमुख चेक-पॉइंट्स पर सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
यातायात नियमों का कड़ाई से पालन
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु ओवर-स्पीड, नशे में वाहन चलाने, तीन सवारी दुपहिया वाहन, एवं मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने वालों के विरुद्ध ताबड़तोड़ चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। दुर्घटना की स्थिति में घायलों को त्वरित उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
पुलिस मितान योजना एवं जनजागरूकता
रायपुर की तर्ज पर जशपुर जिले में भी “पुलिस मितान” योजना लागू कर गांव-गांव जनजागरूकता अभियान चलाने की बात कही गई, जिससे आमजन और पुलिस के बीच विश्वास मजबूत हो सके।
कानून-व्यवस्था व मुखबिर तंत्र
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुखबिर तंत्र को और अधिक सक्रिय करने, विश्वसनीय सूत्रों का नेटवर्क बढ़ाने तथा सूचना देने वालों की गोपनीयता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
थाना-चौकी व्यवस्थाओं में सुधार
थाना एवं चौकी भवनों की साफ-सफाई, रंग-रोगन, तथा जप्ती माल के सुरक्षित व व्यवस्थित रख-रखाव के लिए भी स्पष्ट निर्देश जारी किए गए। विवेचकों के कार्यों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग कर विवेचना की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
जनता से शालीन व्यवहार पर जोर
डीआईजी एवं एसएसपी ने निर्देश दिए कि कोई भी फरियादी निराश होकर थाना/चौकी से न लौटे। सभी शिकायतों पर निष्पक्ष जांच, शालीन व्यवहार, निगरानी बदमाशों की नियमित चेकिंग, पैदल मार्च, कांबिंग गस्त एवं विजिबल पुलिसिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री राकेश कुमार पटनवार, एसडीओपी जशपुर श्री चंद्रशेखर परमा, एसडीओपी कुनकुरी श्री विनोद कुमार मंडावी, एसडीओपी बगीचा श्री दिलीप कोसले, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती आशा तिर्की, उप पुलिस अधीक्षक श्री भावेश समरथ, रक्षित निरीक्षक श्री अरमजीत खूंटे, रीडर श्री मुकेश कुमार झा सहित समस्त थाना/चौकी प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
IBNUL KHAN
editor-in-chief, JASHPUR TIMES







